कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के प्राणी शास्त्र विभाग में दाखिला लेने वाले नए विद्यार्थियों के लिए गुरुवार को ऑनलाइन इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। नए सत्र के पहले दिन विभागाध्यक्ष डॉ. अनीता भटनागर ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने सफल जीवन के लिए खुद को समझना ही होगा, जो कि प्राणी शास्त्र के क्षेत्र में सफलता पाने के लिए तो जरूरी है और साथ-साथ जीवन का कोई भी क्षेत्र हो उसके लिए भी बहुत आवश्यक हैं। डॉ. अनीता भटनागर ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने अंदर छिपे हुए गुणों को पहचानना होगा और अपने अंदर छिपी हुई बहुत सारी काबिलियत का सदुपयोग करना होगा । विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर व जूलॉजिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. दीपक राय बब्बर ने सभी नूतन छात्रों का स्वागत करते हुए कहा की विज्ञान के विकास में प्राणी शास्त्र क्षेत्र व उसके विशेषज्ञों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। देश को कई क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनाने में इस क्षेत्र के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। देश व दुनिया भर में आज प्राणी शास्त्र के क्षेत्र में विशेषज्ञ मानव कल्याण के लिए अद्भुत कार्य कर रहे हैं उसकी जितनी भी सराहना की जाए कम है। विभाग के सहायक प्रो. जितेंद्र भारद्वाज ने भी छात्रों का विभाग में स्वागत किया। इंडक्शन कार्यक्रम में करीब 54 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार, डॉ. परमजीत कौर, डॉ. पूनम भारद्वाज व डॉ. अजय उपस्थित रहे।