कुरुक्षेत्र। सेक्टर 17 स्थित गैस एजेंसी कार्यालय। संवाद
कुरुक्षेत्र। सरकार ने घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए अपने गैस कनेक्शन जारी रखने के लिए ई-केवाईसी जरूरी की हुई है, जिसके लिए 15 अगस्त तक का समय दिया गया था। इसके बावजूद 25 हजार से अधिक उपभोक्ता आज तक भी ई-केवाईसी नहीं करवा पाए हैं, जिससे कनेक्शन कट सकता है।
हालांकि सरकार ने 23 अगस्त तक ई-केवाईसी कराने की तारीख बढ़ा दी है। वहीं गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार जल्द ई-केवाईसी करवानी होगी। यही नहीं घरेलू गैस सिलिंडर के लिए बाजारी रेट चुकाना पड़ सकता है। हालांकि यह रेट सरकार की तरफ से तय किया जाना है। संभावना जताई जा रही है कि यह 1200 से 1500 रुपये तक हो सकता है।
वहीं ई-केवाईसी करवा चुके उपभोक्ताओं को वर्तमान में करीब 950 रुपये में मिल रहा है। जानकारी के अनुसार जिले भर में 27 गैस एजेंसियां हैं, जिन पर दो लाख 70 हजार उपभोक्ता हैं।
हर गैस एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी के लिए न केवल मैसेज भेजे जा रहे हैं बल्कि कॉल करके भी अवगत कराया जा रहा है लेकिन ये उपभोक्ता चुनौती बने हुए हैं। माना जा रहा है कि कुछ उपभोक्ता किसी न किसी आशंका के चलते तो कुछ बाहर या विदेश आदि होने के चलते ई-केवाईसी नहीं करवा पा रहे। उपभोक्ताओं को अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट या बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करवाना होगा। संवाद