लाडवा में एसजीपीसी और एचएसजीएमसी दोनों की ओर से यहां श्री ड्योडी साहेब और श्री बनी बदरपुर गुरुद्वारों पर अपने कब्जे का दावा किया जा रहा है।
छह अगस्त को एचएसजीएमसी के समर्थकों ने दोनों गुरुद्वारों की सेवा अपने हाथ लेने का दावा किया था, वहीं एसजीपीसी ने प्रशासन को गुरुद्वारे में कैश लूटने, ग्रंथी को बाहर निकालने की शिकायत सौंपी थी।
वीरवार को एसजीपीसी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुजीत सिंह विर्क ने कहा कि लाडवा में ड्योडी साहेब और बनी बदरपुर गुरुद्वारों में एसजीपीसी के ग्रंथी और सेवक मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्वों ने एक ग्रंथी को बाहर निकाल दिया था और वहां रखे कैश और अन्य सामान उठाकर ले गए थे। उधर, एचएसजीएमसी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा का दावा है कि लाडवा के दोनों गुरुद्वारों का प्रबंध उनके हाथ में है।
कुरुक्षेत्र में भी हालात सामान्य, धारा-144 लागू
कुरुक्षेत्र के डीएसपी (हेडक्वार्टर) ने बुधवार को छठी पातशाही गुरुद्वारे के बाहर उत्पन्न हुए तनावपूर्ण माहौल के बाद वीरवार को दिन भर गुरुद्वारे के बाहर कानून व्यवस्था का निरीक्षण किया। वीरवार को सौ जवान गुरुद्वारे के सौ मीटर के दायरे में तैनात रहे और इलाके में धारा 144 जारी रही।