कुरुक्षेत्र। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जिलेभर के मंदिरों में भक्तिभाव का वातावरण है। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और माता के दर्शन के लिए पहुंचे। भजन-कीर्तन और देवी स्तुति से मंदिर प्रांगण गूंजते रहे। जगह-जगह श्रद्धालु दुर्गा सप्तशती का पाठ करते और देवी आराधना में लीन नजर आए।
जिले के प्रमुख मंदिरों को फूलों, झालरों और रोशनी से सजाया गया। भक्तों ने माता रानी को श्रृंगार सामग्री, चुनरी और नारियल अर्पित किए। कई जगह पर भक्तों ने मन्नत के धागे बांधे और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नवरात्र के चलते बाजारों में भी चहल-पहल देखने को मिली। फल, मिठाई, सूखे मेवे और व्रत की सामग्री खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।
दुकानदारों ने बताया कि नवरात्र के दिनों में मांग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। पूजा सामग्री जैसे अगरबत्ती, दीया, लौंग-इलायची, घी और चुनरी की बिक्री में विशेष बढ़ोतरी हुई। श्रद्धालु कॉलोनियों और मोहल्लों में जागरण व भंडारे की भी योजनाएं बनाई गई हैं। जिले में नवरात्र का उत्साह और भक्ति भाव झलक रहा है।