कुरुक्षेत्र। दुकान पर रखी गई पूजन सामग्री। संवाद
कुरुक्षेत्र। जिलेभर में नवरात्र उत्सव का माहौल है। मंगलवार को दुर्गाष्टमी होने के कारण सोमवार को बाजारों में खास रौनक देखने को मिली। सुबह से ही श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आवश्यक सामग्री खरीदते नजर आए। नारियल, कलश, चुनरी, दीपक, फूल, अगरबत्ती, प्रसाद और माता की मूर्तियों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी।
बाजार की गलियों में मां दुर्गा के भजन और जयकारों की गूंज ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया है। महिलाओं ने पूजा की थाल और सजावटी सामान खरीदा। जगह-जगह अस्थायी दुकानों और मेलों में माता की तस्वीरें, पोस्टर, शृंगार सामग्री बिक रही है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि दुर्गाष्टमी के दिन विशेष पूजा और कन्या पूजन का महत्व है। इस कारण वे पूरे उत्साह से तैयारी कर रहे हैं। घरों और मंदिरों में सजावट के लिए फूलों और रंगोली की भी खास मांग रही। दुर्गाष्टमी पर पूरे जिले में भक्ति, उल्लास और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
बाजार में उत्साह
दुकानदार अमन कुमार का कहना है कि नवरात्र का पर्व उनके लिए खास होता है। इस दौरान पूजा सामग्री की बिक्री से उनकी आमदनी में इजाफा होता है। इस बार जिले के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंच रहे हैं जिससे कारोबारियों में उत्साह दोगुना हो गया। मिठाइयों की दुकानों पर भी खास भीड़ देखी जा रही है।
कुरुक्षेत्र। दुकान पर रखी गई पूजन सामग्री। संवाद