पुलिस ने शाहाबाद पिपली जीटी रोड के साथ लगते गांवों में दो स्थानों पर छापामारी कर नकली तारकोल बनाने का भंडाफोड़ किया है और भारी मात्रा में नकली तारकोल व पाऊडर की खेप बरामद की है। थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि शरीफगढ़ व रतनगढ़ गावों के साथ लगते क्षेत्र में नकली तारकोल बनाने का धंधा जोरों पर चल रहा है जिस पर उन्होंने दो पुलिस पार्टियां बनाकर उक्त स्थानों पर रेड़ की। शरीफगढ़ मछरौली रोड पर दाईं साईड में एक फैक्टरी में पुलिस ने 7 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जबकि मालिक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने जसबीर निवासी उपली, चंद्र कुमार लामा निवासी नेपाल, बालेश्वर प्रसाद, प्रदीप कुमार, अभय शाह व वर्मा शाह निवासी बिहार व कैलाश निवासी राजस्थान को गिरफ्तार किया और मौके से भारी मात्रा में नकली तारकोल व पाउडर बरामद किया। वहीं गांव रतनगढ़ मे गन्ने के खेत के पास एक फैक्टरी में रेड कर नकली तारकोल बरामद किया। इस स्थान पर कोई भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि इन स्थानों पर नकली तारकोल बनाकर ज्यादा कीमतों पर बेचा जाता था।