बाबैन। विजेता छात्रा को मेडल पहनाकर प्रोत्साहित करते अधिकारी। स्वयं
बाबैन। द्रोणाचार्य स्टेडियम में 5 फरवरी को आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दूधला मोरथला के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने कई पदक अपने नाम किए और प्रदेश स्तरीय खेलों के लिए चयनित होकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में 11वीं कक्षा की छात्रा मन्नत ने 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। 11वीं कक्षा की ही छात्रा उर्वशी ने शॉट पुट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर प्रतिभा का लोहा मनवाया। आठवीं कक्षा की छात्रा कनिका ने लाॅन्ग जंप में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा आठवीं कक्षा की छात्रा रिया ने 200 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान और आठवीं कक्षा के छात्र राम सिंह ने 400 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश स्तरीय खेलों के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की।
प्रतियोगिता के बाद विद्यालय पहुंचने पर विजेता छात्र-छात्राओं का प्रधानाचार्य आशा रानी सहित समस्त स्टाफ की ओर से फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य आशा रानी ने कहा कि जिला स्तर पर बच्चों की ओर से किया गया शानदार प्रदर्शन सराहनीय है जिसका पूरा श्रेय विद्यालय के डीपीई दलबीर सिंह को जाता है। उन्होंने बच्चों से कड़ी मेहनत करवाई और उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी रुचि के अनुसार खेलों में भी भाग लेना चाहिए।