कुरुक्षेत्र। जिला नगर योजनाकार की टीम ने थानेसर में लगभग 24 एकड़ में पनप रही तीन अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की कार्रवाई की। टीम ने दर्रा कलां गांव में लगभग 18 एकड़ में पनप रही दो अवैध कॉलोनियों और थानेसर के ही गांव अभिमन्युपुर मेंं लगभग छह एकड़ में अवैध निर्माण व काॅलोनियों में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। डीटीपी विक्रम कुमार ने कहा कि विभाग के पास उक्त अवैध कॉलोनियों के पनपने का मामला आया था, जिसके उपरांत विभाग द्वारा भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों को एचडीआर एक्ट 1975 की धाराओं के तहत नोटिस जारी कर जरूरी अनुमति लेने के आदेश दिए गए थे परंतु भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों ने न तो अवैध कालोनियों में किए जा रहे निर्माण को रोका और न ही विभाग से अनुमति प्राप्त की। इस पर कार्रवाई करते हुए विभाग द्वारा इन अवैध काॅलोनियों में निर्माण को नष्ट करने का काम किया गया है।