लाडवा अवैध कॉलोनी में सड़क उखाड़ती जेसीबी।
कुरुक्षेत्र/लाडवा। जिला नगर योजनाकार की टीम ने गांव बन में एक अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ की कार्रवाई की, जिससे यहां प्लाट धारकों व अन्य संबंधित लोगों में हलचल मची रही।
डीटीपी अशोक गर्ग ने कहा कि नगर पालिका एमई प्रवेश को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। उनके नेतृत्व में पुलिस बल के साथ डीटीपी की टीम ने राजस्व संपदा गांव बन लाडवा में तीन एकड़ में पनप रही अवैध कॉलोनी में बनी कच्ची सड़कों को पीले पंजे से हटाया गया। उन्होंने कहा कि नोटिस जारी कर जरूरी अनुमति लेने के आदेश दिए गए थे। परंतु भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों ने न तो अवैध कालोनियों में किए जा रहे निर्माण को रोका और न ही विभाग से अनुमति प्राप्त की। उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि सस्ते प्लाॅटों के चक्कर में प्रॉपर्टी डीलर के बहकावे में आकर प्लाॅट न खरीदें और न ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य करें। इतना ही नहीं जमीन की खरीद करने से पहले डीटीपी कार्यालय से कॉलोनी की वैधता और अवैधता की जानकारी प्राप्त कर लें।