पिहोवा। जिला नगर योजनाकार की टीम ने कुरुक्षेत्र रोड पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे चार एकड़ व उसमानपुर गांव में तीन एकड़ में पनप रही दो अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की कार्रवाई काे अंजाम दिया। डीटीपी विक्रम कुमार ने कहा कि डयूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ डीटीपी की टीम ने इन कॉलोनियों में कच्ची सड़कों, डीपीसी व कंट्रोल एरिया में एक अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से हटाया।
उन्होंने कहा कि डीटीपी विभाग के पास उक्त कॉलोनियों के पनपने का मामला आया था, जिसके उपरांत विभाग द्वारा भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों को एचडीआर एक्ट 1975 की धाराओं के तहत नोटिस जारी कर जरूरी अनुमति लेने के आदेश दिए गए थे, परंतु भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों ने न तो अवैध काॅलोनियों में किए जा रहे निर्माण को रोका और न ही विभाग से अनुमति प्राप्त की। इस पर कार्रवाई करते हुए विभाग द्वारा इन अवैध काॅलोनियों में निर्माण को नष्ट करने का काम किया गया है।