कुरुक्षेत्र। अवैध कॉलोनी में कच्ची सड़कों को नष्ट करती जेसीबी। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। जिला नगर योजनाकार की टीम ने राजस्व संपदा गांव दर्रा कलां में एक अवैध कॉलोनी में जिला प्रशासन की मदद से तोड़फोड़ की कार्रवाई की, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जिला नगर योजनाकार अधिकारी अशोक गर्ग ने बताया कि उपायुक्त के आदेशानुसार डयूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ डीटीपी की टीम ने पांच एकड़ में पनप रही एक अवैध कॉलोनी में बनी कच्ची सड़कों को पीले पंजे से हटाया गया।
उन्होंने कहा कि डीटीपी विभाग के पास राजस्व संपदा गांव दर्रा कलां अवैध कॉलोनी के पनपने का मामला आया था, जिसके उपरांत विभाग द्वारा भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों को एचडीआर एक्ट 1975 की धाराओं के तहत नोटिस जारी कर जरूरी अनुमति लेने के आदेश दिए गए थे परंतु भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों न तो अवैध काॅलोनियों में किए जा रहे निर्माण को रोका और न ही विभाग से अनुमति प्राप्त की। इसी के चलते यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि सस्ते प्लाॅटों के चक्कर में प्रॉपर्टी डीलर के बहकावे में आकर प्लाॅट न खरीदें और न ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य करें। इतना ही नहीं जमीन की खरीद करने से पहले डीटीपी कार्यालय से कॉलोनी की वैधता और अवैधता की जानकारी प्राप्त कर लें। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी रजिस्ट्री करने से पहले सरकार द्वारा जारी हिदायतों का पालन करें। यदि कोई व्यक्ति अवैध काॅलोनियों में कोई प्लॉट खरीदता है तो उसके विरुद्ध भी डीटीपी कार्यालय द्वारा कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और जिसमें 50 हजार का जुर्माना व तीन साल की सजा का प्रावधान है।