इस्माईलाबाद। तलहेड़ी गांव स्थित कामधेनू राइस मिल में बुधवार दोपहर हादसे में ड्रायर ऑपरेटर की छत से गिरने से मौत हो गई।
ऑपरेटर चंद्र शेखर (34) छत पर मशीन चेक करने गए थे, तभी उनका पैर फिसल गया। वे करीब 40 फुट की ऊंचाई से नीचे पक्के फर्श पर जा गिरे। सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने से उनकी मौत हो गई।
वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के गांव मुगलपुरा निवासी हैं और करीब आठ साल पहले कुरुक्षेत्र आए थे। पिछले तीन महीनों से वे इस राइस मिल में ड्रायर ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहे थे। हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ, जब चंद्र शेखर ड्रायर पैक करने के लिए छत पर चढ़े थे।
मृतक के भाई शीतल ने बताया कि भाई छत पर काम कर रहे थे, तभी पैर फिसलने से वे नीचे गिर गए। साथी कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल पिहोवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकाें ने मृत घोषित कर दिया। चंद्र शेखर परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। वे अपनी पत्नी पूनम, दो बेटों गोल्डी (6 ) व पिल्लू (3) और माता-पिता को गांव में छोड़कर यहां काम करते थे।
पुलिस ने शीतल के बयान पर इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच जारी है।