बाबैन थाना पुलिस के अंतर्गत गांव संधौर के पास कैंटर का टायर बदल रहे चालक की गर्दन पर चोट मारकर बाइक सवार चार युवक उसका पर्स छीन कर फरार हो गए। पर्स में दो हजार रुपये व जरूरी कागजात थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। करनाल के गांव बीड मजारी ब्याना निवासी राजेंद्र सिंह ने बाबैन थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसके पास खुद का कैंटर है। 25 मार्च को वह राजस्थान के भिवाड़ी से ट्रांसफार्मर का सामान लोड करके रायपुर रानी (पंचकूला) के लिए चला था। 26 मार्च को उसने शाम साढ़े 6 बजे अपना कैंटर गांव बटवाल रायपुर रानी कंपनी में खाली कर दिया था। कंपनी से वह रात 8 बजे चला और रास्ता में अपने घर के लिए कैंटर में बजरी लोड कर ली। वह बराडा अधौया से होता हुआ जब गांव संघौर के पास पहुंचा तो उसके कैंटर का पिछला टायर पैंचर हो गया। जब वह टायर बदल रहा था तो चार युवक बाइक पर आए उसके साथ बातचीत करने लग गए। तभी एक युवक ने उसे गर्दन से पकड़ लिया और उसकी गर्दन में कोई नुकीली चीज मारी दी और उसकी जेब से पर्स निकाल कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।