कुरुक्षेत्र। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में मुकदमे का सामना कर रहे चिकित्सक डॉ. शैलेंद्र शैली के मामले में मंगलवार को गवाहों की गवाही नहीं हो सकी। फास्ट ट्रेक कोर्ट ने मुकदमे की सुनवाई के दौरान संबंधित चिकित्सकीय दस्तावेज तलब किए हैं। अब मामले की अगली सुनवाई दो सितंबर को होगी। उस दिन पीड़िता का मेडिकल करने वाले मेडिकल बोर्ड में शामिल चिकित्सकों सहित अन्य गवाह अदालत में पहुंचे थे लेकिन उनकी गवाही नहीं हो सकी। ऐसे में अब दो सितंबर को होने वाली सुनवाई में संभावना है कि इन गवाहों की गवाही हो सके हैं।
मंगलवार को मामले में पीड़िता का मेडिकल करने वाले पैनल में शामिल चिकित्सकों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज होने थे लेकिन आवश्यक चिकित्सकीय दस्तावेज अदालत में उपलब्ध नहीं होने के कारण गवाही की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। अदालत ने संबंधित दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए हैं।
यह है पूरा मामला
मामला उस समय सामने आया था, जब एक नाबालिग ने चिकित्सक डॉ. शैलेंद्र शैली पर उपचार करने के बहाने दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना केयूके में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ उसका मेडिकल कराया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाते हुए तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में पुलिस ने जांच पूरी कर अदालत में चालान पेश किया। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से पीड़िता के मेडिकल से जुड़े चिकित्सकों समेत अन्य गवाहों को अदालत में पेश किया जा रहा है।