कुरुक्षेत्र। जिला कांग्रेस ने संगठन को सक्रिय बनाने के लिए निष्क्रिय पदाधिकारियों पर सख्ती के संकेत दिए हैं। शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में मासिक बैठक हुई। इसमें जिला अध्यक्ष मेवा सिंह ने स्पष्ट किया कि काम नहीं करने वाले पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में पूर्व निर्णयों की समीक्षा की गई। पदाधिकारियों से फीडबैक भी लिया गया। मेवा सिंह ने बताया कि सभी खंडों में ब्लॉक प्रधान नियुक्त हो चुके हैं। इससे संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने पदाधिकारियों से गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करने को कहा। उन्हें समस्याएं सुनने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में ब्लॉक स्तर पर नियमित बैठकें, जनसंपर्क और सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। कार्यकारिणी सदस्य अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्थानीय समस्याओं को प्रशासन और सरकार के समक्ष उठाएंगे। शाहाबाद के विधायक रामकरण काला ने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता की आवाज उठा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।