कुरुक्षेत्र। लघु सचिवालय के सभागार में मंगलवार को जिले के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी शंभू राठी ने की। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य ढंग से आयोजित करने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व है और इसकी गरिमा के अनुरूप सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
शंभू राठी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह पुलिस लाइन कुरुक्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। यदि 15 अगस्त को मौसम खराब रहता है, तो नई अनाज मंडी को वैकल्पिक स्थल के रूप में रखा गया है। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक मास पीटी शो का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा परेड में पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी की टुकड़ियां भाग लेंगी। इस दौरान नगराधीश आशीष कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान माइक सिस्टम का कार्य सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआरओ) के अधीन रहेगा। जनस्वास्थ्य विभाग पानी और शौचालय की व्यवस्था करेगा, जबकि पुलिस विभाग ट्रैफिक कंट्रोल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। सिविल सर्जन की देखरेख में एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था होगी। लोक निर्माण विभाग बैरिकेडिंग करेगा और बिजली विभाग बिजली आपूर्ति एवं जनरेटर की जिम्मेदारी निभाएगा। शंभू राठी ने बताया कि पिहोवा, शाहाबाद और लाडवा उपमंडलों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। संबंधित उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।
देशभक्ति आधारित हों सांस्कृतिक कार्यक्रम
उन्होंने निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन देशभक्ति से ओतप्रोत हो। कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने वाले अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें। समारोह के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग तय तिथि तक नामों की सिफारिश नगराधीश कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करें।