कुरुक्षेत्र। युवा आपदा मित्रों को धर्मनगरी के प्रमुख तीर्थ स्थलों और ऐतिहासिक स्थानों का भ्रमण करवाया गया। यह भ्रमण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से कराया गया। आपदा मित्रों को उन संवेदनशील क्षेत्रों का भी अवलोकन कराया गया, जो समय-समय पर आपदाओं के केंद्र रहे हैं, ताकि वे जमीनी स्तर पर स्थिति को बेहतर ढंग से समझ सकें। जिला राजस्व अधिकारी चेतना चौधरी ने बताया कि राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संख्या- दो में चल रहे सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आपदा मित्रों ने महाभारत अनुभव केंद्र का भ्रमण किया। यहां आधुनिक तकनीक और एलईडी माध्यम से महाभारत के विभिन्न प्रसंगों को दर्शाया गया है, जिसमें द्रौपदी स्वयंवर, श्रीकृष्ण-अर्जुन संवाद और भीष्म पितामह से जुड़े दृश्य शामिल हैं।
आपदा मित्रों ने झांसा डैम का दौरा कर आपदा के दौरान बचाव कार्यों की जानकारी हासिल की। प्रशिक्षण के दौरान मलबे में फंसे लोगों की खोज और सुरक्षित निकासी, मेडिकल इमरजेंसी रिस्पांस और फर्स्ट एड से जुड़ी तकनीकों पर विशेष जोर दिया गया, साथ ही केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर आपदाओं से निपटने के उपायों और सावधानियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।