कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन सेल (आईक्यूएसी) की एक बैठक फैकल्टी लॉज में आईयूएमएम पोर्टल के संबंध में हुई। इसमें कुवि के डीन, सभी विभागाध्यक्ष, उप-कुलसचिव, सहायक कुलसचिव व अधिकारी शामिल हुए। बैठक में आईयूएमएस पोर्टल के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि डिजिटलाइजेशन होने से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता आएगी।
इसके अलावा विश्वविद्यालय कर्मचारियों के कार्य में पारदर्शिता, समय की बचत एवं उनकी क्षमता भी बढ़ेगी। उन्हाेंने बताया कि कुवि को एनआईआरएफ रैंकिंग में 41वां रैंक प्राप्त हुआ था, जिसका प्रमाणपत्र उन्हें आज प्राप्त हुआ है। बैठक में आईक्यूएसी सेल के निदेशक प्रो. तेजेंद्र शर्मा ने कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को सर्टिफिकेट भेंट किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के कार्यों को पूरी तरह से डिजिटल करने के उद्देश्य से आईयूएमएस पोर्टल बनाया गया है। इससे विश्वविद्यालय का पूरा डाटा डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगा।
विभिन्न एजेंसियों की ओर से समय-समय पर विश्वविद्यालय से डाटा मांगा जाता है। इसको एकत्रित करने में बहुत समय लगता हैं। डिजिटल प्लेटफार्म पर डाटा आने के बाद ये प्रक्रिया सरल हो जाएगी। इस दौरान निदेशक प्रो. तेजेंद्र शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। इस मौके पर कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी, प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. अनिल वोहरा मौजूद रहे।