संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। अब नगर में विकास कार्याें में तेजी आएगी। नगरपालिका ने 12 जून को नगरपालिका की हाउस की बैठक में करीब 12 से 13 करोड़ के विकास कार्यों की निविदा निकाली हैं। वार्ड नंबर 8 में हुडा स्थित कम्युनिटी सेंटर का जीर्णोद्धार, नई अधिकृत कॉलोनियों के निर्माण एवं विकास कार्य तथा सभी वार्डों के मरम्मत के कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं। ये जानकारी नपा सचिव सुरेंद्र मलिक ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में दी।
उन्होंने बताया कि उक्त कार्य के के अतिरिक्त शहर के सभी पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत के एस्टीमेट तैयार किए जा रहे हैं। 15 दिन के अंदर पार्कों के काम के लिए निविदा लगा दी जाएगी। सचिव ने कहा कि जनता की पुरजोर मांग पर बराड़ा रोड स्थित स्वर्ग आश्रम के जीर्णोद्धार का काम 12 जून की हाउस की मीटिंग में पास कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि स्वर्ग आश्रम के जीर्णोद्धार पर लगभग 50 लाख रुपये का अनुमानित खर्च आएगा, जिसका भी एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 10 से 15 दिन के अंदर स्वर्ग आश्रम के काम के लिए भी निविदाएं आमंत्रित कर ली जाएंगी। सुरेंद्र मलिक ने कहा कि विकास कार्यों के दृष्टिकोण से शहर का कोई भी काम रुकने नहीं दिया जाएगा तथा पहले की अपेक्षा प्रत्येक कार्य को और अधिक गति देने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर वार्ड नौ के पार्षद जसबीर सैनी, वार्ड छह के पार्षद विजय कलसी, वार्ड पांच के पार्षद सुनील बतरा विक्की, पार्षद प्रतिनिधि रमेश कश्यप व प्रभजीत सिंह तनेजा एवं मलिक अंकित आनंद भी उपस्थित थे।