रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांध कर बहन हमेशा के लिए भाई से दूर हो गई। अपने पति तेजपाल के साथ भाई को राखी बांधने के अगले दिन मोटरसाइकिल से वापिस आ रही 45 वर्षीय गांधी नगर वासी बबली देवी की मथाना के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस दौरान पति को मामूली चोटें आई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच महिला के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी देते हुए महिला के पति तेजपाल ने बताया कि वह वीरवार को रक्षाबंधन वाले दिन अपनी पत्नी के साथ यमुनानगर के गांव छछरौली अपने ससुराल गया था। शुक्रवार को वहां से वापस आते समय मथाना के पास सड़क पर चल रही एक ट्रैक्टर ट्राली को जब वे ऑवरटेक करने लगे तो साइड से गुजरी एक तेज रफ्तार कार के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर गए। तभी पीछे से आ रही ट्राली का टायर उसकी पत्नी के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में पति को काई चोट नहीं आई। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।