संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग पंचकूला की उपनिदेशक लक्की अरोड़ा ने जिला योजना स्कीम के अंतर्गत खंड थानेसर व पिहोवा की विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उपनिदेशक ने खंड थानेसर के गांव समसिपुर में सोहन लाल के घर से शमशान घाट तक फिरनी निर्माण, गांव भिवानी खेडा के कम्यूनिटी सेंटर में शौचालय निर्माण। खंड पिहोवा के गांव गढी सिंघा में आंगनबाड़ी से जरनैल सिंह के घर तक गली निर्माण व गांव संधोली में ईश्वर सिंह के घर से राजकुमार के घर तक गली निर्माण का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिया कि यदि किसी कार्य में संतोषजनक स्थिती पाई गई तो मौके पर तैनात अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। उप निदेशक ने बताया की आज किए गए निरीक्षण में सभी ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्य की गुणवत्ता व कार्य कि स्थिती संतोषजनक पाई गई। जिला योजना के अंतर्गत होने वाले कार्यों के लिए कार्य स्थल पर कर्मचारी/अधिकारियों को साईन-बोर्ड लगाने और कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आमजन से बातचीत कर जानकारी हासिल कि गई कि क्या वे जिला योजना के तहत किए गए कार्यों से संतुष्ट है। इस मौके पर जिला योजना अधिकारी जसविंद्र कौर, सहायक योजना अधिकारी सुशील कुमार, एसडीओ सुमित, जेई जयवीर व साहिल, ग्रांम पंचायत संधोली के सरपंच जगदीश सेठी, ठेकेदार सिकंदर आदि मौजूद रहे।