इस्माईलाबाद। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने वीरवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों को पानी निकासी के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
वे गांव झांसा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के दौरान जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि कहा कि मारकंडा के आसपास झांसा और अन्य गांव के नागरिकों को जलभराव की समस्या से निजात दिलवाने के लिए स्थायी समाधान किया जाएगा। इसके लिए ड्रोन से सर्वे करने के बाद योजना तैयार की जाएगी, इस योजना को अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अधिकारी व कर्मचारी लगातार फील्ड में जाकर पानी की निकासी के साथ-साथ वहां पर सड़कों का जायजा लें। उपायुक्त ने उपमंडल पिहोवा के नैसी, टबरा, जलबेड़ा सहित अन्य कई गावों का दौरा किया तथा वहां लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण कई गांवों के किसानों की फसलें खराब हुई हैं तथा अन्य नुकसान हुए हैं। इसके मद्देनजर प्रशासन की ओर से क्षतिपूर्ति पोर्टल पर प्रभावित लोग अपना ब्योरा डाल सकते हैं जिसमें जलभराव से हुए नुकसान के बारे में विस्तार से आंकलन किया जाएगा तथा समयबद्ध तरीके से प्रभावित किसान को मुआवजा या अन्य सहुलियत दी जाएगी।