कुरुक्षेत्र। जिले में डेंगू बेकाबू हो गया है। यही कारण है कि अब तक 2105 डेंगू संदिग्ध की जांच में 204 लोगों की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। इसके अलावा एक और डेंगू संदिग्ध युवक की मौत ने विभाग की नींद उड़ा दी है। इसे लेकर विभाग ने आज वीरवार को एक आपात बैठक बुलाई है। बुधवार को विभाग ने अलग-अलग जगहों से 105 डेंगू संदिग्ध लोगों के रक्त के सैंपल लिए, जिसमें दो बच्चों समेत आठ लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए। शहर में आकाश नगर एक 20 साल की युवती और उसका 23 वर्षीय भाई, आंचला चौक के पास से 25 साल का युवक, श्याम कॉलोनी में नौ साल बच्चा, भौर सैयदां गांव में 32 वर्षीय महिला, खेड़ी ब्राह्मणा गांव में 37 साल का युवक, दबखेड़ी में 37 साल का युवक और अजराना कलां में 12 साल की बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव है। इनमें से सात का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
उधर, मंगलवार-बुधवार की रात को एक और डेंगू संदिग्ध सेक्टर-पांच निवासी 34 वर्षीय अधिवक्ता की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार अधिवक्ता का उपचार शहर के निजी अस्पताल में चल रहा था। उनको प्लेटलेट्स कम होने के चलते अस्पताल में दाखिल किया गया था। जिले में एक और डेंगू संदिग्ध की मौत से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अब तक यहां चार डेंगू संदिग्ध लोगों की मौत हो चुकी है। इन डेंगू संदिग्ध लोगों की मौत की जांच चल रही है साथ ही विभाग ने दावा किया है कि इन डेंगू के संदिग्ध लोगों के सैंपल नहीं लिए गए थे।
थम नहीं रहे लारवा मिलने के मामले
जिले में डेंगू का लारवा मिलने के मामले थम नहीं रहे हैं। अब तक कुल 12,84,735 घर और पानी जमा होने के विभिन्न 43,99,352 स्त्रोत की जांच कर चुकी है। इसमें से विभाग को 1,850 घर और पानी के 1,901 स्त्रोत से डेंगू का लारवा बरामद हुआ है। इसमें विभाग ने दूसरी बार लारवा मिलने पर 1,069 लोगों को नोटिस थमाया है। बुधवार को कुल 18 जगह से लारवा मिला, जिसमें 11 लोगों को नोटिस दिए गए।
मौसम में ठंडक से मच्छर होगा खत्म
उधर, मौसम में ठंडक बढ़ने से लारवा और मच्छर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, लेकिन नवंबर तक डेंगू के मामले बढ़ने की आशंका रहेगी। दिसंबर में ठंड होने से मच्छर के अंडे और मच्छर को बढ़ने का वातावरण नहीं मिलेगा। उसके बाद डेंगू के मामले कम होने की आस है। हालांकि नवंबर माह में डेंगू पीक पर रहेगा, जिससे निपटने के लिए विभाग रणनीति बना रहा है।
सभी हेल्थ इंस्पेक्टर और कर्मियों की बुलाई आपात बैठक : डॉ. प्रदीप
जिला मलेरिया एवं सर्वेक्षण अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि विभाग के हेल्थ इंस्पेक्टर और कर्मियों की आपात बैठक बुलाई है। इसमें डेंगू से निपटने के लिए रणनीति तय की जाएगी। विभाग की एक टीम को सेक्टर-पांच में परिजनों से बातचीत के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल अस्पताल से जानकारी ली जा रही है, जिसमें युवक का डेंगू का सैंपल नहीं लिया गया था। जिले में 204 में 176 डेंगू मरीज ठीक हो चुके हैं।
कुरुक्षेत्र। लारवा की जांच करते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद