कुरुक्षेत्र। पानी की टंकी में लारवा देखते स्वास्थ्यकर्मी।
कुरुक्षेत्र। जिले में डेंगू का आंकड़ा पिछले साल के रिकॉर्ड से मात्र एक कदम दूर है। शनिवार को दो और नए मरीज मिलने से आंकड़ा 262 पहुंच चुका है। अभी विभाग मामले मिलने तक अभियान जारी रखेगा। इसलिए डेंगू के और नए मामले मिलने की संभावना है।
उधर, शनिवार को टीम ने वार्ड-दो, तीन, 18 व 24, श्याम कॉलोनी और आकाश नगर से डेंगू संदिग्ध 40 लोगों के सैंपल एकत्रित किए। इन सैंपल को जांच के लिए सेक्टर-4 के पॉली क्लीनिक भेजा गया जबकि एक दिन पहले लिए गए 52 सैंपल की जांच में डेंगू के दो और नए मरीज सामने आए। अभी तक 3,179 डेंगू संदिग्धों के सैंपल की जांच कर 262 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए। वहीं विभाग की टीमें रक्त पट्टिका बनाने के साथ चुन्नी अभियान भी चला रही हैं। टीमों ने शनिवार को 9,804 घरों से पांच और 42,324 कंटेनर से कुल 10 लार्वा को नष्ट किया। साथ ही दूसरी बार लार्वा मिलने पर तीन घरों को नोटिस दिया गया। अब तक विभाग कुल 14,37,544 घर समेत 52,11,070 कंटेनर की जांच में 2,077 घरों समेत कुल 4,220 जगह से लार्वा बरामद किया। साथ ही 1,228 लोगों को नोटिस थमा चुका है।
252 मरीज हो चुके रिकवर : डॉ. प्रदीप कुमार
जिला मलेरिया एवं सर्वेक्षण अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि अब तक कुल 262 पॉजिटिव में से 252 मरीज ठीक हो चुके हैं। अभी 10 मरीज सक्रिय हैं, जिनमें से सात को अस्पताल तो अन्य को घर पर उपचार दिया जा रहा है। दिसंबर तक उनका अभियान जारी रहेगा, क्योंकि अभी भी डेंगू के मरीज और लार्वा मिलना बंद नहीं हुआ है।