कुरुक्षेत्र। बारिश के बाद मच्छरों के पनपने की आशंका पर स्वास्थ्य विभाग ने मलेरिया और डेंगू की रोकथाम का अभियान तेज किया है। जिले में अब तक मलेरिया का कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला है, जबकि 1,342 डेंगू सैंपलों में एक मरीज पॉजिटिव पाया गया। 8 अगस्त को शहरी क्षेत्र कुरुक्षेत्र में 5,864 घरों और 16,823 कंटेनरों की जांच की गई। इस दौरान 22 घरों और 24 कंटेनरों में लार्वा मिला, जिस पर 10 नोटिस जारी हुए। पुलिस लाइन पिपली क्षेत्र में फॉगिंग भी कराई गई। मलेरिया रोग विशेषज्ञ प्रदीप ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की। अभियान के तहत 11,11,063 घरों और 25,93,606 कंटेनरों की जांच में कुल 367 नोटिस जारी हुए हैं।