संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिले ने कोरोना से मुक्ति की ओर कदम बढ़ा लिए हैं, मगर इस बीच डेंगू की बढ़ती रफ्तार स्वास्थ्य विभाग की चिंता का सबब बन गई है। बुधवार को डेंगू के 27 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए। इनमे से सेक्टर तीन में रहने वाला एक युवक डेंगू पॉजिटिव मिला है।
जिले में अब तक डेंगू के 987 संदिग्ध मामले आ चुके हैं। इनमें 31 लोग डेंगू के डंक की चपेट में पाए गए, मगर पिछले दो साल में डेंगू से किसी की मौत न होना जिले और विभाग के लिए राहत की बात है। पिछले साल डेंगू के 1586 संदिग्ध मामले सामने आए थे, जिनमें 129 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी।
डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग दावे तो खूब कर रहा है। वहीं डेंगू के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को जिले भर में 811 घरों की जांच की, जिसमें छह घरों से डेंगू का लारवा बरामद हुआ। वहीं जिले में डेंगू के 27 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए, जिसमें सेक्टर-तीन का रहने वाला एक 20 वर्षीय युवक डेंगू पॉजिटिव मिला।
विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक डेंगू के 31 मामले सामने मिल चुके हैं, जिसमें दो मामले सक्रिय है। बता दें विभाग इस साल एक लाख 29 हजार 365 घरों की जांच कर चुका हैं, जिसमें से 1465 घरों से डेंगू का लारवा बरामद हुआ है। विभाग की ओर से इन घर को नोटिस थमाए गए हैं।
उधर, डेंगू को लेकर लोगों में भी दहशत बनी हुई है। मामूली बुखार होने पर लोग डेंगू का टेस्ट कराने से एतराज नहीं कर रहे हैं। डेंगू के साथ खांसी, जुकाम व वायरल बुखार के मामले भी बढ़ रहे हैं। वहीं लोगों का आरोप है कि विभाग की ओर से डेंगू व वायरल के बढ़ते मामलों के बावजूद फॉगिंग व एंटी लारवा दवा का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। अगर विभाग अलर्ट होता तो पहले ही फॉगिंग और दवा के छिड़काव की ओर जरूर ध्यान देता।
सैंपल लेने के साथ 10 टीमें कर रही जागरूक : डॉ. सभ्रवाल
डेंगू नोडल अधिकारी डॉ. रमेश सभ्रवाल ने बताया कि जिले में डेंगू व लारवा की जांच के लिए 10 टीम कार्यरत है। अब तक डेंगू के 31 मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल डेंगू के दो मामले सक्रिय है, जिसमें एक मामला बुधवार को मिला है। लोग अपने घर के आसपास पानी न जमा होने दें और घर में भी इस पर ध्यान दें।
सेक्टर पांच में एक घर में कूलर में लारवा की जांच करते कर्मचारी। संवाद- फोटो : Kurukshetra