कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। गत माह सड़क दुर्घटना में महिला की मौत के मामले में जांच दोबारा कराने की मांग के लिए बेटे ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ने जांच अधिकारी पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया है।
शिकायत में परविंद्र सिंह निवासी यारी ने बताया कि वह 21 अक्तूबर को बाइक पर अपनी बेटी व मां जंत्रा देवी के साथ खरीडंवा जा रहा था। रास्ते में बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में उसकी माता की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। दो दिन बाद शाहबाद थाने में कार्यरत जांच अधिकारी ने उसे बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था। उसने 25 अक्तूबर को अपने बयान दर्ज कराए थे। उस समय जांच अधिकारी ने आरोपी बाइक चालक पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। आरोप लगाया कि जांच अधिकारी ने कोई उचित कार्रवाई नहीं की, बल्कि आरोपियों के साथ मिलकर उसके बयान बदल दिए थे। आरोप लगाया कि अब जांच अधिकारी शव के बगैर पोस्टमार्टम के कोई कार्रवाई करने से इनकार कर रहा है। मांग है कि इस मामले की किसी अन्य अधिकारी से जांच कराकर उचित कार्रवाई कराई जाए।