कुरुक्षेत्र। लघु सचिवालय के निकट पंचायत भवन के सभागार में शुक्रवार को जिला परिषद की 127वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने की।
बैठक में 17 पार्षदों में से 12 उपस्थित रहे और पांच पार्षद अनुपस्थित रहे। उपस्थित पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। वार्ड-9 के पार्षद राजू ने गांवों में स्वच्छ पेयजल के लिए पानी के टैंकर, सफाई व्यवस्था के लिए ई-रिक्शा और रात्रि सुरक्षा के लिए स्ट्रीट लाइट की मांग रखी।
उन्होंने बताया कि इन कार्यों के टेंडर अभी तक जारी नहीं हुए हैं। सीईओ शंभू राठी ने आश्वासन दिया कि अप्रैल माह में दोबारा टेंडर जारी किए जाएंगे और निर्धारित मापदंडों के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि गांवों में फिरनी के विकास के लिए प्रदेश सरकार की ओर से अलग बजट उपलब्ध कराया जाता है।
बैठक का मुख्य केंद्र सोलर एनर्जी सिस्टम और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर रहा। बैठक में जिला परिषद के सीईओ शंभू राठी ने पीएम सूर्य घर योजना के लिए प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने बताया कि एक लाख 80 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों के घरों में मुफ्त सोलर सिस्टम लगाए जा सकते हैं जिससे बिजली बिल शून्य तक किया जा सकता है। इससे आमजन को आर्थिक राहत मिलेगी।
बैठक निर्धारित समय से लगभग 30 मिनट देरी से शुरू हुई लेकिन करीब एक घंटे में शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गई। पिछले कई बैठकों के मुकाबले इस बार किसी प्रकार का हंगामा नहीं हुआ और सभी मुद्दों पर संयमित चर्चा हुई।
बैठक में ई-लाइब्रेरी, सब हेल्थ सेंटर, जोहड़ों की सफाई, बस क्यू शेल्टर, आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत, इंडोर जिम, महिला संस्कृति केंद्र और ट्यूबवेल ऑपरेटर जैसी आवश्यक सुविधाओं पर भी चर्चा की गई।
साथ ही स्कूलों और चौपालों के लिए चौकीदार नियुक्त करने और गांवों में नियमित दौरा न करने वाले ग्राम सचिवों के मुद्दे भी उठाए गए।
वार्ड-10 के पार्षद सुरेंद्र सैनी, वार्ड-3 की पार्षद पिंकी, वार्ड-5 के सुखविंदर और अन्य पार्षदों ने भी बुनियादी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने इन समस्याओं का जल्द समाधान करने का भरोसा दिलाया।
इस दाैरान उपायुक्त विश्राम मीणा, डिप्टी सीईओ कृष्ण लाल, अकाउंट ऑफिसर डॉ. सत्यभूषण, एसडीओ रविंद्र कुमार, डिप्टी सीएमओ जगमिंद्र मलिक सहित करीब 32 विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कुरुक्षेत्र। जिला परिषद की बैठक लेती चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, साथ में अन्य अधिकारी। संवाद