संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। दिल्ली से अंबाला की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे-44 पर 18 दिन बाद आखिरकार वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। शुक्रवार को प्रशासन द्वारा किसान आंदोलन के चलते की गई किलेबंदी यहां से एक तरफ से हटा ली गई, जिससे वन-वे ट्रैफिक शुरू हो गया। हालांकि अंबाला से दिल्ली की ओर जाने वाले हाईवे पर प्रशासन की किलेबंदी फिलहाल जारी है।
फिलहाल किसानों द्वारा दिल्ली कूच को लेकर तीन मार्च के लिए दी गई कॉल पर भी प्रशासन के साथ-साथ हर किसी की निगाहें टिकी हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इसके बाद ही प्रशासन अंबाला से दिल्ली की ओर हाईवे पर की गई किलेबंदी हटाने पर विचार करेगा। दिल्ली से अंबाला की ओर जाने वाले हाईवे पर हालांकि प्रशासन ने दो दिन पहले ही एक लेन खोल दी थी जबकि इससे पहले लिंक रोड से बैरिकेडिंग हटाई गई थी।
दिल्ली-पानीपत से अंबाला-अमृतसर-चडीगढ़ की ओर जाने वाले वाहन अब हाईवे से सीधे शाहाबाद में मारकंडा नदी के साइड से उतर कर सफर तय कर रहे हैं। यहां से अंबाला जाने वाले वाहनों को सीधा जाने दिया जा रहा है, जबकि अमृतसर-चडीगढ़ साइड जाने वाले वाहनों को अभी साहा रोड से पंचकूला की ओर भेजा जा रहा है। अमृतसर-चडीगढ़ से दिल्ली जाने वाले अभी वाया पंचकूला-साहा होते हुए अनेकों वाहन विपरीत दिशा में नेशनल हाईवे पर चढ़ रहे हैं, जबकि कुछ वाहन दोसड़का-बराड़ा और कुछ वाहन गांव रामनगर से मारकंडा नदी से निकलकर शाहाबाद के बाद नेशनल हाईवे पर चढ़ रहे हैं।
अंबाला-दिल्ली हाईवे पर भी हटाई लाइटें व कैमरे
अंबाला से दिल्ली की ओर नेशनल हाईवे पर की गई बैरिकेड के साथ पेड़ों पर बिजली निगम द्वारा लगवाई गई लाइटें हटा ली गईं तो वहीं सीसीटीवी कैमरे भी उतार लिए गए। अब हाईवे पर यहां कंकरीट दीवार से बैरिकेडिंग जारी है तो वहीं सुरक्षा बलों के जवान भी तैनात हैं। हालांकि यहां से कीलों की चादर तीन दिन पहले ही हटा दी गई थी।