कुरुक्षेत्र। एनआईटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित अंडर-23 इंटर स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट में दिल्ली ने कुरुक्षेत्र को 40 रन से हराकर जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 203 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में कुरुक्षेत्र की टीम 18.4 ओवर में 163 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
दिल्ली की ओर से किशु भाई ने बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 60 रन बनाए। उन्होंने पांच चौके और चार छक्के लगाए, वहीं कप्तान आशु गोयल ने 39 रन, दीपक ने 28 रन, साहिल बेहल ने 24 रन और अनिल सप्रा ने 22 रन का योगदान दिया। 204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुरुक्षेत्र की टीम के लिए कप्तान आर्यन ने 39 गेंदों में 63 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने चार चौके और चार छक्के लगाए। रवि कुमार तोमर ने 29, सुनील ने 25 और गगनदीप ने 20 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। दिल्ली की ओर से साहिल बेहल ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल दिखाया। उन्होंने 24 रन बनाने के साथ चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट झटके। लवली शर्मा ने भी तीन विकेट हासिल किए, जबकि दिव्यांश ने दो विकेट अपने नाम किए। दिल्ली ने कुरुक्षेत्र को 40 रन से हराया, साहिल मैन ऑफ द मैच चुने गए।