रविवार को शहर की नंद कालोनी 2 में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता की मौत के मामले में सोमवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर नेशनल हाईवे के शहर में मेन चौक पर शव रख जाम लगा दिया और करीब एक घंटा प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
जाम की सूचना मिलने पर तहसीलदार चेतना चौधरी, पुलिस उप अधीक्षक धीरज कुमार व थाना प्रभारी प्रतीक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और परिजनों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयत्न किया। लेकिन मृतका के परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। इस दौरान हाइवे पर वाहनों की कतारें लग गई। परिजनों का रोष बढ़ता देख प्रशासन को रिजर्व पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। लेकिन बावजूद इसके मृतका के परिजन अपनी मांग पर अडिग रहे। आखिरकार प्रशासन से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही प्रदर्शनकारी व परिजन जाम खोलने को राजी हुए और शव को लेकर चले गए।
बता दे कि गत रविवार को शहर की नंद कालोनी 2 में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव पंखे के सहारे लटकता मिला। मृतका सीमा के भाई सन्नी चोपड़ा ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी बहन का विवाह 16 साल पहले गांव गुमथला गढू निवासी संदीप के साथ हुआ था। जो कि विवाह के बाद शहर की गुरु नानक कालोनी में रहने लगे थे। इस विवाह से उसकी बहन की दो संतानें लड़का और लड़की है, जो कि उसके जीजा के साथ ही रहते है और जीजा बच्चों को भी उसकी बहन से नहीं मिलने देता था। नशे का आदी उसका जीजा संदीप अकसर उसकी बहन से मारपीट करता था।
जिसके चलते उसकी बहन सीमा पिछले एक साल से संदीप से अलग नंद कालोनी में किराए के मकान में रह रही थी और अपना बुटीक चलाकर अपना गुजारा करती थी। मृतका ने भाई ने बताया कि रविवार को बुटीक बंद होने के कारण उसकी बहन घर पर अकेली ही थी। दोपहर को जब वह घर पहुंचा तो देखा कि घर के सभी दरवाजा खुले पड़े हुए थे और कमरे में उसकी बहन का शव पंखे पर लटका हुआ था। मृतका के भाई सन्नी ने आरोप लगाया कि उसके जीजा संदीप ने ही उसकी बहन सीमा की हत्या की है और हत्या करके शव को पंखे पर लटका दिया ताकि सभी को लगे कि सीमा ने आत्महत्या की है।
जल्द कर लिए जाएंगे आरोपी गिरफ्तार: प्रतीक कुमार
थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि सन्नी चोपड़ा की शिकायत पर पुलिस ने उसके जीजा संदीप के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिसके लिए पुलिस दबिश भी दे रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पोस्टमार्टम की रिपोर्ट काफी अहम है तथा इसके आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।