कुरुक्षेत्र। मोहन नगर में बस क्यू शेल्टर से एक बुजुर्ग महिला का शव बरामद हुआ। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराई। मृतक के पास मिली बैंक कॉपी से उसकी शिनाख्त नूरजहां 74 निवासी खानपुर कोलियां के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार नूरजहां दिमागी रूप से परेशान थी। महिला 18 जून को पेंशन लेने की बात कहकर घर से आई थी।
थाना शहर थानेसर में दिए बयान में नवाब अली 34 निवासी खानपुर कोलियां ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है। उसके पिता रूपदीन की करीब 10 पहले मौत हो गई थी। तभी से उसकी मां नूरजहां अपने छोटे बेटे नवाब दीन के साथ रहती थी। उसकी मां दिमागी रूप से परेशान चल रही थी। 18 जून की शाम को उसकी मां बुढ़ापा पेंशन लेने की बात कहकर कुरुक्षेत्र आई थी। वह घर से अपने साथ बैंक की कॉपी भी लेकर आई थी। वीरवार सुबह उनको गांव के सरपंच से उसकी मां की मौत की सूचना मिली। वे तुरंत मौके पर पहुंचे तथा शव की शिनाख्त कर दी। बयान के आधार पर पुलिस ने इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।