मैदान में क्रिकेट खेलने गए बच्चों ने बोरे को देखा और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। बोरे में अर्धनग्न हालत में मिले बच्ची के शव के पास एक छुरा भी मिला है। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई है। रणजीत नगर निवासी 5 वर्षीय दानवी की मां ज्योति ने बताया कि 16 फरवरी को शाम को करीब पांच बजे वह आंगन में झाडू दे रही थी। पास ही दानवी खेल रही थी। ज्योति ने बताया कि वह किसी काम से अंदर गई और जब वापस बाहर आई तो वहां दानवी नहीं थी। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो शाम साढ़े 6 बजे पिता महावीर की शिकायत पर शाहाबाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। पुलिस भी तब से लगातार दानवी को खोज रही थी लेकिन कामयाब नहीं हो पाई थी। बताया जाता है कि महावीर यूपी का रहने वाला है। वह यहां दिहाड़ी का काम करता है।
क्रिकेट खेलने गए बच्चों को दुर्गंध आई तो हुआ शक बताया जाता है कि रविवार को कुछ बच्चे मैदान में क्रिकेट खेलने गए थे। जब वे वहां पहुंचे तो मैदान में एक बोरा पड़ा हुआ था। उसे उठाने के लिए कुछ बच्चे बोरे के नजदीक गए तो बदबू आने से पीछे हट गए। कुछ बच्चों को शक हुआ तो उन्होंने गांव के लोगों को इस बारे में बताया।
मौके पर पहुंची सीन ऑफ क्राइम टीमबच्चों की सूचना पर किसी ग्रामीण ने बोरे में शव देखा तब पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डीएसपी गुरमेल सिंह, एसएचओ राजेश कुमार, सिटी चौकी इंचार्ज फूल सिंह मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। बाद में डॉग स्क्वायड और सीन ऑफ क्राईम की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। सीआईए -2 इंचार्ज इंस्पेक्टर अमन कुमार और सीआईए-1 देपेंद्र कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र का भी मुआयना किया।
क्षेत्र में दशहतबच्ची की तलाश में पुलिस ने क्षेत्र में चारों तरफ सर्च अभियान चलाया था। मैदान की चारदीवारी होने के कारण यह दिखाई नहीं पड़ा। पुलिस की चूक यह रही कि उसने मैदान के अंदर जाकर नहीं देखा। लेकिन रविवार को जब बच्चे क्रिकेट खेलने गए तब शव का पता चला। शव मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। दानवी के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
पढने में होशियार थी दानवी दानवी डीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहली कक्षा में पढ़ती थी। उसकी ट्यूशन टीचर का कहना है कि वह पढ़ाई व अन्य गतिविधियों में बेहद होशियार थी। इसलिए यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि दुष्कर्म करने वाले युवक ने पहचान के डर से उसकी हत्या कर दी।
क्या कहते हैं डीएसपी पूरे क्षेत्र का मुआयना करने के बाद डीएसपी ने हत्या से पहले दुष्कर्म होने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से शरीर के निचले हिस्से में कोई वस्त्र नहीं मिला उससे यह आशंका मजबूत होती है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया था। उन्होंने बताया कि क्षत-विक्षत शव मिलने से यह अंदाजा लग रहा है कि बच्ची जिस दिन गायब हुई उसी दिन दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। डीएसपी का कहना है कि उस स्थान पर बाहरी ओर मिट्टी का लेवल काफी उंचा है। इसलिए उस जगह आसानी से शव को छिपा दिया गया। उनका कहना है कि पुलिस इस मामले की गहराई तक जाएगी और हर एंगल से जांच करके जल्द अपराधी को गिरफ्तार करेगी। मामले की जांच के लिए पुलिस की कईं टीमें गठित की जाएंगी जो एरिया वाईज तकनीकि दृष्टि से मामले की जांच करेंगी।
इस क्षेत्र में हुई चौथी घटना बच्ची के घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर लगभग तीन-चार माह पहले रेलवे ट्रैक पर 10 मोर्टार शैल बरामद हुए थे। इसके बाद इस क्षेत्र के एक व्यक्ति का मर्डर हो गया था और उसके कुछ दिनों के बाद ही उसकी लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी।