जिला प्रशासन ने बेटियों को अफसर बनाने के लिए ‘मेरा लक्ष्य-मेरा उद्देश्य’ योजना शुरू की है। इसके तहत कुरुक्षेत्र जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में 10वीं से 12वीं कक्षा तक की बेटियों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इस योजना में 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाली छात्राओं को ही शामिल किया जाएगा।
योजना के तहत 20 से ज्यादा विभागों के अधिकारी इन छात्राओं को एक-एक दिन के लिए अपने-अपने विभाग की गतिविधियों के बारे में व्यवहारिक ज्ञान देंगे। इस योजना के लिए छात्राएं दो से 15 सितंबर तक अपना आवेदन लघु सचिवालय के जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में जमा करवा सकती हैं।
एडीसी प्रभजोत सिंह ने मंगलवार को अपने कार्यालय में बताया कि उपायुक्त सीजी रजिनिकांतन के निर्देश पर सरकारी और निजी स्कूलों की छात्राओं को एक दिन बैंक, कंप्यूटर अध्यापक, जिलाधीश, डॉक्टर, इंजीनियर, एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर, आयकर कमिश्नर, न्यायाधीश, संगीत अध्यापक, पुलिस सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट, स्कूल अध्यापक, वैज्ञानिक, खेल अध्यापक, खिलाड़ी आदि विभागों के अधिकारी व्यवहारिक ज्ञान देंगे। इस दौरान अधिकारी इन छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए भी प्ररित करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य लक्ष्य छात्राओं को स्कूल और विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना, हर क्षेत्र में नेतृत्व का मौका उपलब्ध करवाना है। इसके लिए एक प्रोफार्मा भरना होगा। इस प्रोफार्मा में छात्रा को डीसी, डॉक्टर या अन्य अधिकारी बनने के विकल्प को चुनना होगा।