कुरुक्षेत्र। प्रदेश सरकार की केंद्रीय परीक्षा कमेटी ने अगस्त माह में होने वाली विभिन्न विभागीय परीक्षाओं की डेटशीट की जारी कर दी है। ये परीक्षाएं प्रात: और सायं के सत्र में सार्थक गवर्नमेंट इंटीग्रेटेड सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-12ए पंचकूला में संचालित की जाएंगी। सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए कहा कि आबकारी एवं कराधान विभाग के लिए पेपर 21 से 23 अगस्त तक संचालित किए जाएंगे।
सब्जेक्ट-1 (लॉ ऑफ क्राइम्स) का पेपर 21 अगस्त को प्रात: 10 बजे से एक बजे तक तथा सब्जेक्ट-टू (आबकारी कानून) पेपर उसी दिन सायं के सत्र में दो बजे से पांच बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार, सब्जेक्ट-3 (अलाइड टैक्सेज) पेपर 22 अगस्त को प्रात: 10 बजे से एक बजे तक तथा सब्जेक्ट-4 (बिक्री कर कानून) पेपर सायं के सत्र में दो बजे से पांच बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसी तरह, सब्जेक्ट-पांच (बुक कीपिंग) पेपर 23 अगस्त को प्रात: के सत्र में 10 बजे से एक बजे तक तथा सब्जेक्ट-छह (कंप्यूटर ऑपरेशंस) का पेपर सायं के सत्र में दो बजे से पांच बजे तक संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि असिस्टेंट कमिश्नर्स (एसीज), एक्स्ट्रा असिस्टेंट कमिश्नर्स (ईएसीज) और ईएसीज के पद के उम्मीदवारों व तहसीलदारों के लिए क्रिमिनल लॉ का पहला पेपर तथा वन विभाग की फॉरेस्ट लॉ की परीक्षा, पशुपालन एवं डेयरी विभाग तथा मत्स्य पालन विभाग के लिए अकाउंट्स पेपर, खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के लिए ग्रुप-एक पेपर-ए तथा वन्य प्राणी संरक्षण विभाग के लिए लेखा तथा विभागीय नियम पेपर 14 अगस्त को प्रात:कालीन सत्र में 10 बजे से एक बजे तक लिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, असिस्टेंट कमिश्नर्स (एसीज), एक्स्ट्रा असिस्टेंट कमिश्नर (ईएसीज) और ईएसीज के पद के उम्मीदवारों व तहसीलदारों के लिए सिविल लॉ का पेपर, वन विभाग के लिए लैंड रेवेन्यू पेपर, पशुपालन एवं डेयरी विभाग व मत्स्य पालन विभाग के लिए विभागीय नियम पेपर तथा पंचायती राज विभाग (इंजीनियरिंग ग्रुप) के उप-मंडल अधिकारी के लिए आईपीडब्ल्यूडी स्पेसिफिकेशन्ज पेपर इसी दिन सायं के सत्र में दोपहर दो बजे से पांच बजे तक संचालित किया जाएगा।