कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की छात्र इकाई डॉ. आंबेडकर स्टूडेंट फ्रंट ऑफ इंडिया (डीएएसएफआई) ने पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति फॉर्म भरने में आ रही परेशानियों के लिए उच्च शिक्षा विभाग को विवि कुलपति के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से हर छात्रवृत्ति पोर्टल को हटाकर अब आवेदन प्रक्रिया को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) से जोड़ दिया गया है जिससे छात्रों को कई तकनीकी और प्रक्रिया संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अध्यक्ष सिमरन मुंडे ने बताया कि नए पोर्टल पर कई अतिरिक्त दस्तावेज मांगे जा रहे हैं जिससे गरीब और वंचित वर्ग के छात्र आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। पोर्टल के डिजाइन में भी तकनीकी कमियां हैं, खासकर अभिभावक/पिता के पेशे वाले कॉलम में विकल्प न होने के कारण आवेदन अधूरा रह जाता है। छात्रों ने बताया कि पहले भी हर छात्रवृत्ति पोर्टल पर राशि वितरण में देरी होती थी, अब एनएसपी प्रणाली से यह प्रक्रिया और जटिल, असंगठित और भेदभावपूर्ण हो गई है।
डीएएसएफआई ने मांगों में छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने, आवश्यक विकल्पों को तुरंत जोड़ने, समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और पारदर्शिता लाने की अपील की है।
कुरुक्षेत्र। ज्ञापन की प्रति दिखाते डीएएसएफआई अध्यक्ष व अन्य सदस्य। स्वयं