कुरुक्षेत्र। श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के आसपास उमरी रोड पर बंद पड़ी लाइटें व अंधेरे से गुजर
कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी को एक ओर विश्व स्तरीय पर्यटन नगरी बनाए जाने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शाम ढलते ही अनेक सड़कों पर अंधेरा छा जाता है। इससे हादसा होने की आशंका बनी रहती है। करोड़ों रुपये खर्च कर सभी सड़कों पर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं लेकिन इनकी सुध नहीं ली जा रही। यही कारण है कि अनेक स्थानों पर लंबे समय से लाइटें बंद पड़ी हैं। इस अनदेखी व लापरवाही का खामियाजा राहगीरों को भुगतना पड़ता है जबकि प्रशासन लोगों को सभी बुनियादी सुविधाएं देने के दावे कर रहा है।
इन स्थानों पर बंद मिली लाइटें
शहर की सबसे व्यस्त व लाइफ लाइन कहे जाने वाले पिपली-थर्ड गेट रोड पर सेक्टर दो के चौक से पिपली गीता द्वार तक करीब 40 लाइटें बंद मिली। पॉश एरिया कहे जाने वाले सेक्टर आठ से होकर जाते उमरी रोड पर श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय चौक से पावर हाउस कॉम्प्लेक्स तक सभी लाइटें बंद रहने से अंधेरा छाया रहा। इसके अलावा गोल बैंक चौक से अमीन रोड पर ब्रह्मा चौक तक ही 15 से ज्यादा लाइटें बंद मिली। यहां तक कि करीब पांच लाख की लागत से लगाई गई अधिकतर तिरंगा लाइटें भी पिछले कई माह से खराब पड़ी हैं। वीआईपी कहे जाने वाले केडीबी रोड पर भी लाइटों के यही हालात बने हुए हैं।
पिपली-थर्ड गेट रोड पर तीन माह से बंद हैं लाइटें : श्याम सुंदर
पिपली निवासी श्याम सुंदर ने कहा कि नेशनल हाईवे की ओर से शहर में प्रवेश के लिए सबसे मुख्य व सबसे व्यस्त रहने वाले पिपली-थर्ड गेट रोड पर सेक्टर दो चौक से गीता द्वार तक तीन माह से स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। कई बार हादसे भी हो चुके हैं लेकिन प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा।
ईओ बोले- सभी स्ट्रीट लाइटें कराई जाएंगी दुरुस्त
नगर परिषद ईओ राजेश कुमार ने कहा कि सर्वे करवाकर सभी स्ट्रीट लाइटों की रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी। इसके साथ ही इन्हें दुरुस्त कराने का काम किया जाएगा। आमजन भी नगर परिषद को स्ट्रीट लाइट बंद होने पर शिकायत दे सकते हैं।
कुरुक्षेत्र। श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के आसपास उमरी रोड पर बंद पड़ी लाइटें व अंधेरे से गुजर