कुरुक्षेत्र। शाहबाद के मीरी पीरी मेडिकल संस्थान में 20 मार्च को हुआ विवाद गहराता जा रहा है। दादूवाल पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद इसे एक तरफा कार्रवाई मानते हुए सात अप्रैल को एसजीपीसी का बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने का एलान किया है। इसी के जवाब में अब दादूवाल ने इससे भी बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने का एलान किया है।
दादूवाल ने वीरवार को एचएसजीएमसी मुख्यालय पर सैंकड़ों समर्थकों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने स्पष्ट अल्टीमेटम दिया कि वे पीछे हटने वाले नहीं है। उन्होंने मौजूद संगत, कमेटी सदस्यों से हाथ खड़े करवाकर हर संभव लड़ाई लड़ने का समर्थन लिया।
उन्होंने कहा कि सात अप्रैल को एसजीपीसी अध्यक्ष के शक्ति प्रदर्शन को देखेंगे और फिर उसके जवाब में उससे भी बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब यह संस्थान हरियाणा कमेटी के अधीन लेकर ही रहेंगे, भले ही इसके लिए कितनी बड़ी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़े।
दादूवाल ने कहा कि 20 मार्च को वे धरना दे रहे कर्मचारियों से मिलने गए थे और सामान्य बातचीत चल रही थी लेकिन इसी दौरान बादल परिवार की शह पर एसजीपीसी की ओर से कुछ लोग वहां पहुंचे और हरियाणा कमेटी पदाधिकारी पर हमला भी किया। पगड़ी तक उछाली गई। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला कर लिया परंतु अभी तक गिरफ्तारी नहीं की गई। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की जाएगी।