ढांड। जींद-कुरुक्षेत्र पैसेंजर ट्रेन में सोमवार शाम को गंडासियों के बल पर डकैती की घटना सामने आई। करीब 20 से अधिक नकाबपोश युवकों ने अलग-अलग स्टेशनों से ट्रेन में सवार होकर यात्रियों से महंगे मोबाइल फोन छीन लिए।
इस दौरान महिला यात्री के कानों से बालियां छीनने का भी प्रयास किया गया। विरोध होने पर बदमाशों ने ट्रेन से उतरने के बाद यात्रियों के डिब्बों पर पथराव कर दिया। नरवाना से कुरुक्षेत्र जा रहे यात्री चंद्रमौली गौड़ ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे ट्रेन कैथल रेलवे स्टेशन से कुरुक्षेत्र की ओर रवाना हुई।
कुछ दूरी तय करने के बाद ग्योंग रेलवे स्टेशन पर 8 से 10 नकाबपोश युवक ट्रेन में चढ़े। इसके बाद टीक रेलवे स्टेशन से भी करीब 10 अन्य नकाबपोश युवक सवार हुए। यात्रियों के अनुसार उनके हाथों में गंडासी जैसे धारदार हथियार थे। चंद्रमौली गौड़ ने बताया कि बदमाशों ने ट्रेन के डिब्बों की लाइट बंद कर दी और यात्रियों को डराते-धमकाते हुए उनके महंगे मोबाइल फोन छीनने शुरू कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लुटेरों ने एक महिला के कानों से बालियां छीनने का भी प्रयास किया। इस दौरान कुछ यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया जिसके बाद बदमाशों के दो गुटों के बीच भी कहासुनी हो गई। यात्रियों ने बताया कि पबनावा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर सभी नकाबपोश युवक ट्रेन से उतर गए। घटना के बाद यात्रियों में लंबे समय तक दहशत का माहौल बना रहा।
जीआरपी थाना कुरुक्षेत्र के एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलते ही नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद