संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से फिट इंडिया साइकिल रैली का आयोजन किया गया। वॉलीबॉल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बलवान सिंह, भारतीय खेल प्रशिक्षण के सहायक निदेशक बाबूराम रावल, वरिष्ठ प्रशिक्षक कुलदीप सिंह वड़ैच, पूर्व जिला खेल अधिकारी यशवीर सिंह, पूर्व हॉकी चीफ कोच गुरविंदर सिंह की ओर से साइकिल रैली को हरी झंडी देकर रवाना किया गया। यह साइकिल रैली द्रोणाचार्य चौक, शहीद उधम सिंह, सर्किट हाउस से जिंदल चौक और वापस साईं कुरुक्षेत्र पर पहुंची।
इस दौरान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बलवान सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को साइक्लिंग को अपने जीवन की दिनचर्या में शामिल करना होगा। जो व्यक्ति रोजाना साइक्लिंग करेगा, वह हमेशा स्वस्थ रहेगा, क्योंकि देश की तरक्की के लिए हर व्यक्ति का स्वस्थ होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच को अमलीजामा पहनाने के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण की तरफ से फिट इंडिया मूवमेंट के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। देश का प्रत्येक नागरिक अपने स्वास्थ्य की चिंता करते हुए साइक्लिंग या अन्य खेलों की तरफ आगे बढ़ेगा तो निश्चित देश के नागरिक स्वस्थ होंगे और स्वस्थ होकर देश की तरक्की में अपना योगदान दे सकेंगे।
भारतीय खेल प्रशिक्षण के सहायक निदेशक बाबू राम रावल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से युवा पीढ़ी को नशे जैसी बुराइयों से दूर ले जाने के लिए खेलों की तरफ आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान हॉकी कोच नरेंद्र ठाकुर, हॉकी कोच सोहन लाल, वॉलीबॉल कोच राहुल सांगवान, हॉकी कोच साहिल, साइक्लिंग कोच कोमल शर्मा, जिम्नास्टिक कोच पूनम शर्मा, एथलेटिक्स कोच चांद राम, स्केटिंग कोच अरुण चौहान, समाजसेवी बलराज ग्रेवाल, नरेश सैनी उपस्थित रहे।