बाबैन। रामसरन माजरा में एक बच्चे को बिजली की 11000 केवी लाइन का करेंट लगने से एक बच्चा घायल घायल हो गया।
इसके बाद बच्चा अस्पताल में उपचाराधीन है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव रामसरन माजरा के प्रवीण कुमार का लड़का जश्न अपने मकान की छत पर खेल रहा था कि अचानक बच्चे का हाथ उनके मकान की छत के ऊपर से गुजर रही बिजली की 11000 केवी लाइन की तारों से टकरा गया, जिसके बाद बच्चे को जोर का करेंट लगा जो उसके हाथों, पैरों, कान और सिर से निकला और बच्चा अचेत होकर छत पर गिर गया।
इसके तुरंत बाद बच्चे को उठाकर बाबैन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां वह अब उपचाराधीन है। गांव के लोगों का आरोप है कि गांव रामसरन माजरा में बिजली की 11000 केवी लाइन कई घरों की छतों से गुजर रही है, जो काफी ढीली होने के कारण छतों से टकरा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह बिजली की लाइन पहले भी कई हादसों को अंजाम दे चुकी है और भविष्य में भी कोई बड़ा हादसा कर सकती है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि घरों के ऊपर से गुजर रही इस बिजली की 11000 केवी लाईन को अविलंब हटाया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली विभाग ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो वे कड़े कदम उठाने पर बाध्य होंगे, जिसके लिए बिजली विभाग ही जिम्मेदार होगा।
ग्रामीणों ने बिजली का करेंट लगने से झुलसे बच्चे के इलाज के लिए उसके परिजनों को तुरंत पर्याप्त मुआवजा भी देने की मांग की है।