पिहोवा। त्योहारों के चलते धर्मनगरी पिहोवा के मुख्य बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ गई है। मुख्य बाजार और गुरुद्वारा रोड पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इस भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
बाजार में चारपहिया वाहनों का प्रवेश, सड़क किनारे खड़े वाहन, ई-रिक्शा और रेहड़ियों से जाम लग रहा है। खरीदारी करने आए लोगों को इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ वाहन चालक घंटों तक अपने चारपहिया वाहन बाजार में खड़ा रखते हैं। त्योहारों के दौरान भीड़ अधिक होने से ये वाहन रास्ते संकरे कर देते हैं। इससे दुकानों के सामने ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। जाम की स्थिति में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी उठानी पड़ती है।
प्रतिबंध और सुरक्षा की मांग
नागरिकों ने प्रशासन से दिवाली तक मुख्य बाजार और गुरुद्वारा रोड जैसे व्यस्त क्षेत्रों में चारपहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने ई-रिक्शा और रेहड़ी संचालकों द्वारा रास्तों पर किए जाने वाले अतिक्रमण को नियंत्रित करने के लिए उचित कदम उठाने को कहा। महंत बबूला दास, डीपी दस्तूर एडवोकेट, गोपाल कौशिक और रवि बंसल ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की बात कही। यह सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए आवश्यक है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
बाजार में पुलिस की गश्त बढ़ाई
सिटी थाना अध्यक्ष सुनील वत्स ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर शहर के व्यस्त बाजार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस की पीसीआर और राइडर्स लगातार गश्त कर रही है। सरस्वती तीर्थ और मुख्य बाजार में नाके लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है, इसके अलावा बाजार में सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।