लाडवा (कुरुक्षेत्र)। पेरिस ओलंपिक में निशानेबाजी स्पर्धा में रमिता जिंदल ने एकल इवेंट में क्वालीफाई करते हुए फाइनल में प्रवेश किया है। अब सोमवार को होने वाले मुकाबले में उनसे न सिर्फ परिजनों और क्षेत्रवासियों को बल्कि देश को पदक की आस है।
निशानेबाजी प्रतिस्पर्धा के टीम इवेंट मुकाबले में शनिवार को बेशक रमिता जिंदल की टीम पिछड़ गई थी और क्वालीफाई दौर से बाहर हो गई थी लेकिन रविवार को हुए एकल इवेंट मुकाबले में रमिता ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए फाइनल दौर में प्रवेश किया। इससे पहले बीते रोज टीम इवेंट में क्वालीफाई नहीं कर पाने के बाद रमिता ने परिजनों से बातचीत के बाद एकल मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन कर पदक का भरोसा दिलाया था। रविवार साढ़े बारह बजे के करीब जैसे ही परिवार के लोगों को टीवी स्क्रीन पर रमिता के फाइनल में प्रवेश करने की खबर मिली तो वे खुशी से झूम उठे। घर पर बधाई देने वाले लोगों का शाम तक तांता लगा रहा। अब एकल मुकाबले में रमिता से हर किसी को पदक की उम्मीद है। विदित हो कि रविवार को हुए मुकाबलों में 27 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें रमिता जिंदल ने कड़ी प्रतिस्पर्धा से गुजरते हुए फाइनल राउंड में प्रवेश किया। इस मुकाबले में आठ खिलाड़ियों ने सोमवार को होने वाले फाइनल में प्रवेश किया जिनमें रमिता जिंदल भी शामिल हैं। रमिता के पिता अरविंद जिंदल ने बताया कि रविवार को हुए एकल इवेंट मुकाबले में रमिता ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए क्वालीफाई दौर को पार करते हुए फाइनल में प्रवेश किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि सोमवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में रमिता पदक जीतकर लाडवा व देश का नाम ऊंचा करेंगी।