कुरुक्षेत्रपिहोवा। गांव मुर्तजापुर स्थित नरवाना ब्रांच नहर के समीप सोमवार तड़के करीब तीन बजे पुलिस से हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पांव में गोली लगने से घायल हो गया। उसे एलएनजेपी नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन कराया गया। वहीं उसके साथी दूसरे बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर दो राउंड फायर किए। वहीं पुलिस ने भी दो गोलियां चलाई। इसमें से एक गोली विशाल को लगी। इन बदमाशों की करनाल व पंजाब में तीन हत्याओं को अंजाम देने की योजना थी।
घायल बदमाश की पहचान विशाल वासी कर्ण विहार करनाल के रूप में हुई, जो मूल रूप से कुरुक्षेत्र के गांव बीड़ अमीन का रहने वाला है। वह करीब 15 दिन पहले ही जर्मनी से डिपोर्ट होकर आया था और आते ही पुराने साथियों के साथ वारदातों को अंजाम देने लगा था। वहीं उसके साथ पकड़ा गया बदमाश लविश वासी किछाना जिला कैथल का रहने वाला है। मौके से आरोपी बदमाशों द्वारा प्रयोग की गई एक पिस्टल 32 बोर व चार खाली खोल बरामद हुए। पुलिस ने जांच के बाद बदमाशों के छह साथियों को पिहोवा से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस 12 जून को रात करीब पौने दस बजे गन प्वाइंट पर अंबाला के टैक्सी चालक मंजीत से कार लूटे जाने के मामले में आरोपियों की तलाश कर रही थी। मंजीत ने बताया था कि उसकी कार को अंबाला से कैथल के लिए किराए पर किया था। गांव अरूणाय के समीप कार सवार चारों युवकों ने लघु शंका के लिए कार रुकवा ली और फिर एक युवक ने उन पर पिस्तौल तान दी और कार लेकर भाग गए। वहीं डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार के मुताबिक बदमाशों के नहर के समीप होने की सूचना पर सीआईए टू के इंचार्ज अमनदीप टीम के साथ पहुंचे तो फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में विशाल को पांव में गोली लगी।
डीएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में माना कि उन्होंने करनाल में दो और पंजाब में एक हत्या करने की योजना बनाई थी। संवाद
हिसार के खेतों से बरामद हुई थी कार, मोबाइल बना बदमाशों तक पहुंचने का जरिया
n 12 जून को चार बदमाशों द्वारा लूटी गई कार हिसार के बबुआ गांव के खेतों में धंसी मिली थी, जिसमें से एक मोबाइल भी बरामद किया गया था। यह मोबाइल एक अन्य आरोपी जसकरण का निकला। इसकी जांच के आधार पर पुलिस अन्य बदमाशों तक पहुंच गई और इस मामले में छह और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें अभिषेक वासी कसान जिला कैथल, अजय वासी जखौली जिला कैथल, जसकरण व कमलजीत सिंह उर्फ़ कमली वासी सिंगपुरा जिला मोहाली पंजाब, रोहित कुमार वासी कुराली जिला मोहाली पंजाब व निखिल उर्फ़ नकुल वासी ढांड शामिल है।
कुरुक्षेत्र। वारदात स्थल पर पड़ा गोली का खोल। वायरल वीडियो से
कुरुक्षेत्र। वारदात स्थल पर पड़ा गोली का खोल। वायरल वीडियो से