हादसे में जख्मी हुए कांवड़ियों को रेफर करते हुए।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में ढांड रोड पर गांव कमोदा के पीर वाले डेरे के नजदीक एक कार चालक ने डाक कांवड़ लेकर लौट रहे कांवड़ियों की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार दो कांवड़ियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक कांवड़िये ने पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके अलावा चार कांवड़िये गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
मृतकों की शिनाख्त राकेश (34) गांव शिमला कलायत जिला कैथल और सोहन लाल (40) निवासी बुरसर थाना नरवाना जिला जींद, राजेंद्र के रूप में हुई। आरोपी कार चालक शाहाबाद के एक अस्पताल में कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार नरवाना के हरि नगर से शिव डाक कांवड़ संघ के सदस्य हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर लेकर लौट रहे थे। उनका एक दल कैंटर में चल रहा था, जबकि सात-आठ कांवड़ियों बाइक पर उसके पीछे चल रहे थे। पीर वाले डेरे के पास एक कार चालक ने आगे चल रही बाइकों को पीछे से टक्कर मार दी।
एलएनजेपी में कांवड़िये से मामले की जानकारी लेते पुलिसकर्मी।
इस हादसे में राकेश और सोहन लाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राजेंद्र की पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय मौत हो गई। वहीं सतीश और कुलदीप को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसके अलावा अक्षय और राहुल का एलएनजेपी अस्पताल में उपचार चल रहा है। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने बाइक, कार को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि इस हादसे में आरोपी चालक भी घायल हो गया है और अस्पताल में भर्ती है। प्राथमिक जांच से लग रहा है कि आरोपी नशे की हालत में है। उसका मेडिकल कराया जाएगा। हादसे की जांच की जा रही है। दो शवों को कब्जे लेकर शवगृह में रखवा दिया है। शनिवार को उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।