केयू प्रांगण में चल रहे चार दिवसीय हरियाणा दिवस समारोह रत्नावली के तीसरे दिन वीरवार को देर शाम धरोहर के ओपन एयर थिएटर में भीड़ ज्यादा आने पर आयोजन स्थल बदलने के कारण एकाएक अफरा-तफरी मच गई।
इसमें पैर फिसलने से यूनिवर्सिटी गर्ल्स हॉस्टल की डिप्टी चीफ वार्डन घायल हो गई। घायल हालत में आनन-फानन में उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में आई भीड़ को देखते हुए आयोजकों ने कार्यक्रम का स्थल बदल दिया, जिसके कारण वहां अफरा-तफरी मच गई।
लेकिन यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि ऑडिटोरियम में ऐसा कुछ नहीं हुआ है, बल्कि डिप्टी चीफ वार्डन पैर फिसलने की वजह से गिरकर चोटिल हुई हैं। वहीं, देर शाम होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को बाद में ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।
हुआ यूं कि रत्नावली फेस्ट के अंतर्गत वीरवार को देर शाम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन धरोहर संग्रहालय स्थित ओपन एयर थिएटर में किया गया था। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता यशपाल शर्मा और हरियाणवी कलाकार जगबीर राठी को कार्यक्रम प्रस्तुत करना था।
कार्यक्रम में एसपी सिमरदीप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। कार्यक्रम को देखने के लिए भारी संख्या में यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राएं, स्टाफ सदस्य और अन्य लोग पहुंचे थे, लेकिन ओपन एयर थिएटर में स्थान भीड़ के सामने काफी छोटा पड़ गया।
बताया जा रहा है कि इस थिएटर की क्षमता केवल 250 से 300 लोगों की है, लेकिन यहां दर्शकों की संख्या 6 से 7 हजार तक पहुंच गई और इस थिएटर को मिनी ग्राउंड में तबदील कर दिया गया। हालात ये थे कि वहां पैर रखने के लिए भी जगह नहीं थी और लगातार भीड़ बढ़ती जा रही थी।
भीड़ बढ़ती देख बदला आयोजन स्थल
भीड़ को देखते हुए आयोजकों की ओर से एकाएक एनाउंसमेंट कर दी गई कि अब यह कार्यक्रम यहां न होकर ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इस सूचना को सुनने के बाद वहां भीड़ एकाएक ऑडिटोरियम की ओर दौड़ने लगी।
इसी भागमभाग के बीच काफी संख्या में प्रोफेसर और महिलाएं फंस गई। इसी बीच डिप्टी चीफ वार्डन डॉ. मोनी भादो भी फंस गई और देखते ही देखते वहां गिरकर घायल हो गई। बताया जा रहा है कि इस भीड़ में से उन्हें किसी तरह बाहर निकाला गया तो देखा कि उनका सिर लहूलुहान हो रहा था।
आनन-फानन में उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। बताया जा रहा है कि उनके सिर में चोट लगने से कोई नस कट गई है जिसके कारण ब्लीडिंग हो रही थी और उनके बाजू में भी चोट लग गई है। चिकित्सक डॉ. आनंद ने बताया कि घायल प्रोफेसर वैसे तो ठीक हैं, लेकिन उनके सिर में चोट लगने के कारण आर्टरी कट गई है।
इसलिए उन्हें सीटी स्कैन के लिए भेजा गया है। जिस धरोहर में भगदड़ मची वहां से निकलने और भीतर जाने का एक ही रास्ता है। वहां भी सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी थे।
ये कहना है प्रत्यक्षदर्शियों का
प्रत्यक्षदर्शियों में दर्शन ने बताया कि केयू के धरोहर में पॉप सांग का कार्यक्रम चल रहा था कि अचानक एनाउंसमेंट हुई और भीड़ ऑडिटोरियम की ओर जाने लगी तभी अचानक भीड़ के बीच में केयू की एक मैडम फंस गई और वे धक्का लगने के कारण चोटिल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी सुमित कुमार ने बताया कि केयू धरोहर में क्षमता से ज्यादा युवाओं की संख्या थी। करीब 7 हजार युवा पॉप सांग देख रहे थे विभाग ने यहां पर कार्यक्रम बंद कर ओडी में करने को कहा तभी जल्दी से वहां पहुंचने के दौरान यह हादसा हुआ जिसमें एक महिला को सिर पर चोट लग गई।
प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक ने बताया कि शाम के समय धरोहर का दृश्य देखने लायक था यहां के हर कोने, छत पर युवा ही युवा थे जो कि धरोहर की छत पर नाच-कूद कर रहे थे। उन्होंनेे कहा कि मैंने भी सिक्योरिटी को बताया कि यह गलत हो रहा है, लेकिन कोई नहीं माना और जब भगदड़ हुई तो एक अध्यापिका को चोट लग गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन धरोहर के ओपन एयर थिएटर में किया गया था। वहां भीड़ अधिक होने के कारण आयोजन स्थल को बदल कर ऑडिटोरियम में किया गया। वहां एक महिला प्रोफेसर का पांव फिसल गया था, जिससे उन्हें चोट लग गई है। धरोहर में किसी तरह की कोई भगदड़ नहीं मची थी।"
डॉ. महासिंह पूनिया, निदेशक, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, कुरुक्षेत्र।
धरोहर में कार्यक्रम के दौरान भीड़ अधिक आ गई थी। इस भीड़ को देखते हुए निर्णय लिया गया था कि कार्यक्रम का आयोजन ऑडिटोरियम में किया जाए। धरोहर में किसी तरह की कोई भगदड़ नहीं हुई और न ही कोई अफरा-तफरी ही हुई है। भीड़ के बाद डिप्टी चीफ वार्डन अपनी बहन के साथ जा रही थीं। एकाएक उनका पांव फिसल गया। शरीर भारी होने के कारण वे संभल नहीं पाईं और उनके सिर में चोट लग गई। उनका सिटी स्कैन कराया गया है, वे पूरी तरह नॉर्मल हैं। कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्वक किया गया है।
डॉ. प्रवीण सैनी, रजिस्ट्रार, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, कुरुक्षेत्र।