धर्मनगरी में दिनदहाड़े एक सिरफिरे युवक ने एक लड़की पर तलवारों से अचानक हमला कर घायल कर दिया। युवक ने लड़की के शरीर पर तलवार से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। जिसके कारण लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। घटनास्थल के आसपास दुकानदारों ने लड़की को गंभीर अवस्था में सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। मौके पर एसपी व डीएसपी सहित पुलिस अमले ने पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय नगर परिषद के शोरूम में कार्यरत एक लड़की अपनी सहेली के साथ कमेटी में बने शौचालय में गई। जैसे ही लड़की रूबी व उसकी सहेली अमन कमेटी शौचालय में पहुंचने वाली थी तभी एक युवक ने रूबी पर तलवार से हमला कर दिया। युवक ने लड़की पर तलवार से कई वार किए। इसी बीच युवक ने उसकी सहेली अमन को भी घायल कर दिया।
दोनों लड़कियों को घायल अवस्था में छोड़कर आरोपी युवक कमेटी के शौचालय से नीचे जाने लगा। इस बीच घायल लड़कियों ने शोर मचाया। उनकी चीखें सुनकर स्थानीय दुकानदार मौके पर पहुंचे और आरोपी को दबोच लिया। दुकानदारों ने दोनों लड़कियों को एलएनजेपी नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां रूबी व अमन का प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं आरोपी युवक को लोगों ने पकड़कर सिटी थाना में ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
रूबी की गंभीर हालात को देखते हुए उसे चंडीगढ पीजीआई उपचार के लिए भेज दिया है। वहीं अमन की हालात ठीक है वह कुरुक्षेत्र सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन है। तलवारबाजी की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर एसपी सिमरदीप सिंह, डीएसपी नुपूर बिश्नोई सहित पुलिस का अमला पहुंच गया और तथ्यों की जानकारी ली। बताना जरूरी है कि लड़की रूबी शहर के चक्रवर्ती मौहल्ला की रहने वाली है।
दो दिन बाद प्रेक्टिकल है, मेरी मां को बुला दो
एलएनजेपी नागरिक अस्पताल में गंभीर घायल अवस्था में उपचाराधीन रूबी बार-बार डॉक्टर से कह रही थी कि मेरी दो दिन बाद प्रेक्टिकल है मुझे यहां से जाने दो। वरना मैं परीक्षा नहीं दे पाऊंगी। मुझे प्रेक्टिकल के लिए पढना है। वहीं रूबी बार-बार अपनी मां को अपने पास बुलाने के लिए भी पुकार लगा रही थी।
एसपी व डीएसपी बोले, जनता क्यों बनी रही तमाशबीन
जिस जगह यह हादसा हुआ है इसके आसपास पब्लिक का आना-जाना रहता है। वहीं जिस समय यह घटना हुई उस समय यहां मौजूद पब्लिक केवल तमाशबीन बनी रही। उन्होंने तलवार चलाने वाले युवक को इस प्रकार से करने से रोका क्यों नहीं। यह कहना था एसपी सिमरदीप सिंह व डीएसपी नूपुर बिश्नोई का, जोकि घटनास्थल पर मुआयना के दौरान पब्लिक से बातचीत कर रहे थे।
एसपी ने कहा कि हमारे अंदर से संवेदनशीलता समाप्त हो रही है। नहीं तो इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही युवक को काबू किया जा सकता था लेकिन यह नाकामी है कि पब्लिक अभी तक ऐसे मामलों में सतर्क नहीं हो पाई है। एसपी सिमरदीप सिंह ने कहा कि मामले में पुलिस अभी युवक से बातचीत कर रही है कि उसने क्यों यह कदम उठाया। मामले में छानबीन के बाद ही युवक के इस कदम से पर्दा उठ जाएगा।