युवती की संदिग्ध फोटो भेजी ससुराल, टूटा रिश्ता, चार अप्रैल को होनी थी शादी
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
एक युवती के साथ पहले संबंध बनाने और फिर उसका रिश्ता तय हो जाने पर ससुराल में संदिग्ध फोटो भेज दिए जाने के चलते युवती का रिश्ता टूट गया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे काबू कर लिया है।
महिला थाना प्रभारी प्रवीण कौर के अनुसार झांसा के समीपवर्ती गांव की करीब 20 वर्षीय एक युवती का कुछ ही दिनों पहले रिश्ता तय हुआ था। इसके तहत उसकी शादी चार अप्रैल को होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां की जा रही थीं। अचानक ससुराल की ओर से रिश्ता न रखने की आ गई तो परिवार में खलबली मच गई। उन्होंने बताया कि गांव के ही करीब 26 वर्षीय युवक सुरेंद्र ने युवती के साथ पहले संबंध बनाए और फिर उसे ब्लैकमेल करने के लिए उसकी संदिग्ध हालत की फोटो बना ली। इसी बीच युवती का रिश्ता तय हो गया तो उसने युवक से किनारा कर लिया। इस पर युवक युवती पर मिलने के लिए दबाव बनाने लगा। जब वह उससे नहीं मिली तो उसने उसकी होने वाली ससुराल में पिछले सप्ताह फोटो भेज दी। इसके बाद युवती के होने वाले ससुरालीजन भड़क गए और उन्होेंने रिश्ता तोड़ देने की सूचना दे दी। जब युवती से परिजनों ने पूछताछ की तो पूरा मामला खुल गया। इसके बाद युवती ने महिला थाने में शिकायत कर दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रेप सहित कई अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शुक्रवार को उसे गांव से ही काबू कर लिया। पुलिस ने युवती का मेडिकल भी कराया तो वहीं आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
नाबालिग को भगाकर ले गया घर, पुलिस ने किया काबू
पुलिस ने एक नाबालिग को भगाकर ले जाने के आरोप में मामला दर्ज कर युवक को गिरफ्तार किया है। नाबालिग को भी बरामद कर लिया है। महिला थाना प्रभारी प्रवीण कौर के मुताबिक जिले के एक गांववासी नाबालिग को हिसार के आग्रोहा निवासी युवक ने बहला-फुसला लिया और उसे अपने साथ भगाकर ले गया। युवक उसे अपने घर ही ले गया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे उसके घर से ही काबू कर लिया। वहीं से नाबालिग को भी बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में पुलिस को चार दिन पहले ही शिकायत मिली थी।