कुरुक्षेत्र। पिहोवा की मुलतानी कालोनी में रहने वाली महिला घर का ताला लगा कुरुक्षेत्र अपने मायके गई थी। पीछे से चोरों ने घर का ताला तोड़कर घर से लाखों रुपये के सोने के जेवर, 20 हजार रुपये कैश तथा अन्य घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। वापस घर लौटने पर घर के टूटे ताले देखकर महिला के होश उड़ गए और वारदात का पता चलने पर इसकी शिकायत पुलिस को दी।
पुलिस में दर्ज शिकायत में मुल्तानी कालोनी की गुरविंदर कौर ने बताया कि उसका परिवार विदेश में रहता है। दिन में वो अपने घर में रहती है पर रात को घर में ताला लगाकर कुरुक्षेत्र मायके चली जाती है। बीते रविवार को वह शाम को घर के सभी कमरों और मेन गेट पर ताला लगाकर रोज की तरह अपने मायके चली गई । मंगलवार सुबह जब वह घर लौटी तो देखा कि मेन गेट एवं अंदर कमरों के ताले टूटे हुए हैं। घर का सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा हुई। इस पर उसने बक्सों व अलमारी को खोला तो देखा कि साढे़ चार तोले की सोने की दो अंगूठियां, कान की बालियां (कांटे), कोठी के पर्दे, कपड़े, 20 हजार रुपये कैश, सीसीटीवीकैमरे का डीवीआर समेत अन्य घरेलू सामान चोरी हो गया। इसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके का मुआयना कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।