अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा। अनाज मंडी स्थित भारतीय स्टेट बैंक के बाहर बाइक सवार दो युवकों ने सेवानिवृत्त फौजी के हाथ से तीस हजार रुपये झपट लिए। फौजी बैंक से पेंशन लेकर घर जा रहा था। जैसे ही वह बैंक से निकल कर सड़क पर आया तो पीछे से एक पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों ने उसके हाथ से रुपयों का थैला छीन लिया। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
गांव अंटेहड़ी वासी सेवानिवृत्त फौजी वेदप्रकाश ने बताया कि अनाज मंडी स्थित एसबीआई से बुधवार सुबह अपनी पेंशन निकलवाने आया था। पेंशन लेकर बैंक से बाहर सड़क पर आया तो पीछे से अचानक एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उसके हाथ से रुपयों का थैला झपट लिया। वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही दोनों युवक फरार हो चुके थे। थैले में बैंक की पासबुक, मोबाइल एवं पर्स भी था, जिसमें सात सौ रुपये थे। पुलिस ने लुटेरों की पहचान के लिए बैंक में सीसीटीवी फुटेज चेक की, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। बैंक के बाहर लगे कैमरे में भी कुछ नहीं दिख रहा। इस घटना के बाद से लोगों में असुरक्षा का माहौल है। वहीं आढ़तियों एवं व्यापारियों ने बैंक के पास गश्त बढ़ाने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिन पहले एसबीआई से ही एक व्यक्ति ने गोल्ड लोन की किश्त भरने आए युवक के 1.58 लाख रुपये बैंक से उड़ा लिए थे। दो माह पहले भी महिला बैंककर्मी का रुपयों से भरा बैग बच्चा उठा ले गया था।